आईएएस अभय पर मां ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
- राजस्व परिषद चेयरमैन को लिखा पत्र
- कहा, चित्तौड़गढ़ के मकान पर कब्जा कर रखा है
- नियुक्ति विभाग ने आरोपों पर अभय से मांगा जवाब
लखनऊ विशेष संवाददाता आईएएस अफसर अभय सिंह एक बार फिर चर्चाओं में हैं। उनकी मां रेखा सिंह ने मकान कब्जा करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।उनकी मां ने बुधवार को इस पूरे मामले की शिकायत राजस्व परिषद चेयरमैन से की है।राजस्व परिषद के चेयरमैन को लिखे पत्र में कहा है कि राजस्थान स्थित चितौड़गढ़ के मकान पर कब्जा कर रखा है।उन्हें अवैध खनन मामले में डीएम बुलंदशहर के पद से हटा दिया गया था।अभय की मां रेखा सिंह ने एक जनवरी को की गई गाली गलौच पर राजस्व परिषद चेयरमैन को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि उनका बेटा अभय सिंह अपनी पत्नी के साथ चितौडगढ़ स्थित आवास पर पहुंचा।इस दौरान दोनों ने गाली-गलौच, धमकी व मारपीट की। सीसीटीवी भी तोड़ दिया।उन्होंने लिखा कि जान के भय से उन्हें कमरे में बंद होना पड़ा।आरोप लगाया है कि अभय के मानसिक उत्पीड़न के कारण उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा। साथ ही स्टाफ के माध्यम से भी धमकाने का आरोप लगाया है।उन्होंने पत्र में लिखा है कि उनके पास उत्पीड़न और धमकाने के मैसेज, ऑडियो और विडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं।
शिकायत पर नियुक्ति विभाग को लिखा पत्रः
राजस्व परिषद चेयरमैन ने इस शिकायत पर कार्यवाही के लिए प्रमुख सचिव नियुक्ति को पत्र लिखा है।इस मामले में नियुक्ति विभाग ने आईएएस अफसर अभय से उनका पक्ष मांगा है, जिससे आगे की कार्यवाही की जा सके।इस पूरे मामले में आईएएस अभय से पक्ष लेने की कोशिश की गई। मगर उनका मोबाइल स्विच ऑफ था।
फतेहपुर में अवैध खनन में आवंटित किए थे पट्टे
अभय सिंह पर आरोप थे कि उन्होंने फतेहपुर के डीएम रहते हुए अवैध रूप से खनन के पट्टे दिए।ये खनन के पट्टे तत्कालीन सपा सरकार में सितंबर 2013 से जून 2014 के बीच दिए गए थे।उन्हें सीबीआई छापे के बाद डीएम बुलंदशह के पद से हटा दिया गया था।
मां का ब्रेनवाश किया गया है: अभय सिंह
आईएएस अधिकारी अभय सिंह और उनकी पत्नी माधवी अभय सिंह सोमवंशी का कहना है कि मां रेखा सिंह का ब्रेनवाश किया गया है।अभय सिंह ने कहा कि मां रेखा सिंह उनके छोटे भाई व उसकी पत्नी के पूरी तरह से कहने में है।कई राज्यों में स्थित उनकी संपत्ति को गलत ढंग से बेच रही हैं। वे पहली जनवरी को पुलिस को साथ लेकर ही चित्तौड़गढ़ गए थे।उन्होंने भी मामले की एफआईआर चित्तौड़गढ़ थाने में पहले ही दर्ज करा दी है।अभय सिंह ने स्वीकार किया कि उन्हें इस संबंध में बुधवार को नियुक्ति विभाग का पत्र मिल चुका है।
सीबीआई छापे में अभय के घर से मिले थे 50 लाख रुपये
अभय 2007 बैच के यूपी काडर के आईएएस अफसर हैं। उनका नाम खनन घोटाले में भी आ चुका है।बुलंदशहर के डीएम रहते हुए सीबीआई ने उनके आवास पर छापेमारी की थी।तब सीबीआई को करीब 47 लाख रुपये का कैश उनके आवास से मिले थे। इस समय राजस्व परिषद में तैनात हैं।









