नई दिल्ली 30 January 2026 जनवरी के अंतिम दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 30 जनवरी की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं, शीतलहर और घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा। एक फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा उत्तर प्रदेश समेत मैदानी इलाकों में ठंड और शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है। दक्षिण भारत के समुद्री इलाकों में भी तूफानी हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
आईएमडी के मुताबिक इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है, जो ऊपरी वायुमंडल में तेज पश्चिमी हवाओं के साथ बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के साथ गिलगित-बाल्टिस्तान में भी इसका असर दिख सकता है।
आने वाले दिनों में उत्तर और पूर्व भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में दृश्यता काफी कम हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है और वाहन चालकों को धीमी गति से चलने तथा फॉग लाइट के इस्तेमाल की सलाह दी गई है।
इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 30 और 31 जनवरी को इन राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे जा सकता है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी। बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।









