पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पिछले 40 घंटों के दौरान हुई झड़पों में कुल 193 लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए लोगों में 145 उग्रवादी और 48 अन्य लोग शामिल हैं, जिनमें 17 सुरक्षाबलों के जवान भी थे।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने बताया कि शनिवार को उग्रवादियों ने 12 अलग-अलग जगहों पर एक साथ हमले किए। इन हमलों में 31 आम नागरिकों की जान गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
हिंसा से प्रभावित जिलों में क्वेटा, मस्तुंग, नुश्की, दल्बंदीन, खारान, पंजगुर, तुम्प, ग्वादर और पासनी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन हमलों की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है।









