भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता फॉर्म भरने की तिथि 6 मार्च तक बढ़ाए जाने के उपरांत पार्टी द्वारा चलाए जा रहे हैं अभियान को और प्रभावी ढंग से चलने के संदर्भ में भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह एवं महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने कैसरबाग स्थित भाजपा लखनऊ महानगर कार्यालय पर बैठक आयोजित की। बैठक में बढ़ी हुई समयसीमा का अधिकतम सदुपयोग सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की गई।

भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि लखनऊ महानगर के कार्यकर्ताओं द्वारा निरंतर जनसंपर्क करके बड़ी संख्या में मतदाता फॉर्म भरवाए हैं लेकिन अभी भी अपेक्षित लक्ष्य पूरा न होने के कारण निर्वाचन आयोग द्वारा आवेदन तिथि को बढ़ाया गया है उसका सदुपयोग करते हुए सभी विधानसभाओं में बृहद स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएं, जिससे अधिक से अधिक नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाए जा सकें।

प्रत्येक बूथ पर विशेष सहायता डेस्क स्थापित कर डिजिटल एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से फॉर्म भरवाए।युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से कहा कि 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं को विशेष रूप से जोड़ने हेतु कॉलेज, कोचिंग संस्थानों एवं आवासीय क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर फॉर्म भरवाए। साथ ही फॉर्म-7 (नाम विलोपन) एवं फॉर्म-8 (संशोधन) के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने बूथ समितियों को पूर्णतः सक्रिय करने पर जोर दिया, जिससे अधिकतम पात्र नागरिक मतदाता सूची में जुड़ सकें।

महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं ने द्वितीय चरण अभियान में पूरी निष्ठा के साथ घर-घर संपर्क करके बड़ी संख्या में मतदाता फॉर्म भरवाए हैं। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं । मैपिंग से जुड़े प्रकरणों का भी तेजी से निस्तारण किया जा रहा है। बढ़ी हुई समय सीमा में भी उसी लगन और उत्साह के साथ अभियान जारी रखना है और शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना है।










