गोरखपुर में सुबह से बूंदाबांदी, लखनऊ-आगरा समेत 15 जिलों में कोहरा
यूपी में ओले-बारिश के बाद मौसम पलट गया है। एक बार फिर ठंड और कोहरे की वापसी हुई है। गुरुवार सुबह लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ समेत 15 जिलों में कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी 10 मीटर तक पहुंच गई। सड़कों पर सन्नाटा रहा। जरूरी काम से निकले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। जगह-जगह सड़कों के किनारे अलाव जलते दिखाई दिए।
इस बीच मौसम विभाग ने अगले 2 दिन कड़ाके की ठंड और कोहरे की संभावना जताई है। आईएमडी के मुताबिक, अगले 48 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आएगी। दिन में धूप और सुबह-शाम में सर्द हवा चलेगी। 30 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ असर डाल सकता है, जिससे मौसम और बिगड़ेगा।
बुधवार की बात करें तो अयोध्या-लखनऊ समेत 9 शहरों में बुधवार को बारिश हुई। बरेली में कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। संभल में कक्षा 8 तक और सिद्धार्थनगर में कक्षा 12 तक के स्कूल बंद करने पड़े। प्रदेश में बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां तापमान 9°सी रिकॉर्ड किया।









