लखनऊ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा महानगर के सभी 25 मंडलों में विभिन्न पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में प्रदेश एवं महानगर के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नियमित योग को स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।

रेजीडेंसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने योगाभ्यास किया तथा इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल माध्यम से प्रसारित ओजस्वी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन का श्रवण किया।

पश्चिम मंडल तीन के राजाजीपुरम ब्लॉक-सी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह एवं भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता की।

इसी क्रम में पूरब मंडल-2 के स्वर्ण जयंती पार्क में पूरब विधायक श्री ओ.पी. श्रीवास्तव, गोमती नगर स्थित रवींद्र पल्ली पार्क में भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, उत्तर मंडल दो स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर क्यू अलीगंज में प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, उत्तर मंडल तीन के निरालानगर पार्क में प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह, पश्चिम मंडल चार के नेपियर रोड कॉलोनी पार्क में अंजनी श्रीवास्तव तथा मध्य मंडल-2 के मॉडर्न पार्क में श्री रजनीश गुप्ता ने योगाभ्यास कार्यक्रम में सहभागिता की।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष श्री आनंद द्विवेदी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और अनुशासित जीवन का आधार भी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है और विश्व के करोड़ों लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *