लखनऊ 3 जुलाई भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 एवं 5 जुलाई को दो दिवसीय उत्तर प्रदेश प्रवास पर लखनऊ आएंगे। उनके प्रथम लखनऊ आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों में उत्साह का वातावरण है।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 जुलाई को पूर्वाह्न 11:05 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उनका आत्मीय स्वागत करेंगे।

उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक राष्ट्रीय अध्यक्ष जी की भव्य स्वागत यात्रा निकाली जाएगी। स्वागत यात्रा कृष्णानगर मोड़, आलमबाग, श्री टी.एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा एवं बर्लिंगटन चौराहा होते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में कुल 42 स्थानों पर व्यापारी समाज, अधिवक्ता समाज, विभिन्न सामाजिक संगठनों, भाजपा के मोर्चों, प्रकोष्ठों तथा कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं अभिनंदन किया जाएगा।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों एवं जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा की जाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जी अपने प्रवास के दौरान श्री हनुमान सेतु मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद गोमतीनगर स्थित होटल ताज मेंj मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी, उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों, संगठनात्मक समन्वय तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होगी। इसके उपरांत भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जी सायं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के सरकारी आवास पर पहुंचकर उनसे भेंट करेंगे तथा उनके साथ रात्रिभोज करेंगे। इस दौरान प्रदेश के राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।

5 जुलाई का कार्यक्रम

5 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष जी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे तथा एनडीए गठबंधन के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक में सम्मिलित होंगे। इसके उपरांत वे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से उनके आवास पर भेंट करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संघ कार्यालय, भारती भवन में विचार परिवार के प्रमुख सदस्यों के साथ बैठक भी करेंगे।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी दोपहर बाद राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचकर अवलोकन करेंगे। इसके बाद वहीं आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में सहभागिता करेंगे और संगठन के शक्ति केंद्र संयोजकों का मार्गदर्शन करेंगे। सम्मेलन में बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक अभियानों को गति देने पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी पीरनगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके पश्चात वे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का लखनऊ आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी अवसर है। उन्होंने लखनऊ महानगर के सभी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं से स्वागत यात्रा एवं सभी कार्यक्रमों में समय से पहुंचकर अधिकतम सहभागिता करने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *