लखनऊ भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर द्वारा भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह जी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर आज वेद माता गायत्री ट्रस्ट, आरोग्यधाम केन्द्र (IIM रोड, लखनऊ) में अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के पावन संरक्षण एवं मार्गदर्शन में भव्य एवं दिव्य 24 कुण्डीय सामाजिक समरसता महायज्ञ श्रद्धा व उल्लास के साथ आयोजित किया गया।
लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी अपने परिवार के साथ सह यजमान के रूप में उपस्थित रहे ।
डॉ. नीरज सिंह जी ने अपनी धर्मपत्नी के साथ मुख्य यजमान के रूप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति दी और राष्ट्र-कल्याण, पर्यावरण संवर्धन एवं जन-कल्याण का पावन संकल्प लिया।
सनातन समरसता का अनूठा स्वरूप:
महायज्ञ की मुख्य थीम ‘सामाजिक समरसता’ रही। यज्ञशाला के सभी 24 कुण्डों का नामकरण महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, महर्षि वशिष्ठ, भारद्वाज, विश्वामित्र के साथ-साथ विदुषी ऋषिकाओं जैसे माता गार्गी, मैत्रेयी, लोपामुद्रा, अपाला एवं घोषा के नाम पर किया गया था। इस व्यवस्था ने यह सशक्त संदेश दिया कि सनातन धर्म में जन्म या जाति के आधार पर भेदभाव का कोई स्थान नहीं है; ज्ञान, तप और राष्ट्र-सृजन में समाज के हर वर्ग और मातृशक्ति का समान अधिकार व सहभागिता रही है।
गौ-सेवा, रुद्राभिषेक एवं सेवा प्रकल्प:
जन्मदिवस पर दिखावे के स्थान पर सेवा और संस्कृति संवर्धन को प्राथमिकता दी गई। डॉ. नीरज सिंह जी ने भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी एवं कार्यक्रम संयोजक अभिषेक खरे के साथ परिसर में विधि-विधान से गौ-पूजन कर गायों को विशेष पौष्टिक भोग अर्पित किया। इसके उपरांत सावन माह के उपलक्ष्य में भगवान भोलेनाथ का वैदिक रुद्राभिषेक किया गया, यज्ञ परिसर में तुलसी के पौधों का रोपण हुआ तथा उपस्थित पूज्य संतों एवं विप्रजनों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया गया।
सफल आयोजन में महती भूमिका:
इस वृहद आयोजन को धरातल पर भव्य स्वरूप देने में भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष श्री आनन्द द्विवेदी की महती व प्रेरणादायी भूमिका रही। वहीं, कार्यक्रम संयोजक के रूप में अभिषेक खरे (संयोजक, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ) ने कई दिनों के अथक परिश्रम से संपूर्ण व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया। आयोजन में महानगर महामंत्री सत्येंद्र सिंह का भी विशेष संगठनात्मक सहयोग रहा।
प्रमुख जनप्रतिनिधियों व विशिष्टजनों की उपस्थिति:
महायज्ञ में मुख्य रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री संजय राय, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, सदस्य विधान परिषद (MLC) अवनीश सिंह पटेल, घनश्याम दास अग्रवाल संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ अभिषेक खरे सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यज्ञ कर्मकांड को संपन्न कराने में गायत्री परिवार के जोन समन्वयक देशबंधु तिवारी, एम.पी. त्रिपाठी, डॉ. अरविंद निगम, शांतिकुंज हरिद्वार की टोली के नायक श्री ओ.पी. सिंह, एडवोकेट सुधांशु सिंह, संजय त्रिवेदी सहित विप्रजनों ने वैदिक आहुतियाँ संपन्न कराईं। अंत में सभी उपस्थित जनों ने ‘समरसता प्रसादी भोज’ (भंडारा) में एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।



