लखनऊ 3 अक्टूबर– बलरामपुर गार्डन अशोक मार्ग में आज पुस्तक मेले में उम्रदराज ही नहीं बड़ी तादाद में युवाओं के झुण्ड के झुण्ड आते जाते दिखे।
वंदे मातरम् की थीम पर चल रहे किताबों के मेले में सेतु प्रकाशन के स्टाल पर तीन महीने नयी किताबों में में तीसरे संस्करण में आयी योगेन्द्र यादव की ‘गणराज्य का स्वधर्म, काल मार्क्स की संघर्षपूर्ण जीवन गाथा और क्रान्ति पर आधारित मैरी ग्रैबियल की हिन्दी अनुवादित ‘प्रेम और पूंजी’ चर्चा में है। ममता कालिया की संस्मरणात्मक पुस्तक ‘शेषकथा’ और राजीव कुमार की ‘जहांआरा पादशाही बेगम’ भी नये प्रकाशन हैं। इसके अलावा राजू शर्मा द्वारा फ्रांज काफ्का का विश्व प्रसिद्ध उपन्यास ‘द ट्रायल अनूदित होकर आया है। वाणी प्रकाशन के स्टाल पर अर्जुन पाण्डेय की ‘आजाद : कहानी क्रांति के कमाण्डर की’, अभय कुमार दुबे की ‘उपनिवेशवाद का अलौकिक साम्राज्य’, अम्बिकादत्त शर्मा व विश्वनाथ मिश्र की ‘अनागत गांधी’, व्यंकटेश देवनपल्ली की’ राजाधिराज श्रीकृष्णदेवराय’ और उन्मोचन ग्रंथमाला के तहत भारतीय ज्ञान परम्परा में प्रकाशित बलराम शुक्ल की स्वातंत्र्य और संवर्धन नयी पुस्तकें हैं। बोधरस प्रकाशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर अनिमेष त्रिपाठी की ‘कांशसनेस 2.0’ नयी पुस्तक है।
मुख्य मंच पर नवोन्मेष की ओर से शाम को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा संतोष वाल्मीकि की किताब ‘रेडियो कल और आज’ के अंग्रेजी संस्करण रेडियो पास्ट एण्ड प्रेजेंट के विमोचन के बाद उन्हीं का बनाया वृत्तचित्र रेडियो का सफरनामा दिखाया गया। यहां मीडिया : सवाल भरोसे का विषय पर चली परिचर्चा में एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल, असम से बैजनाथ बांसफोर, पूर्व उपमहानिदेशक दूरदर्शन डा.सतीश ग्रोवर, रेडियो आर्टिस्ट रज्जनलाल, दूरदर्शन कार्यक्रम प्रमुख आत्मप्रकाश मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार बृजेश शुक्ल, रमा अरुण, अरशाना व आरजे प्रतीक आदि ने विचार व्यक्त किये।
साहित्यकार संसद व नमन प्रकाशन की ओर से आयोजित ग़ज़लों की एक शाम रामप्रकाश बेखुद के नाम रही। जहां उनके साथ कृपाशंकर विश्वास, सरलता जमाल, बद्र गोरखपुरी, रचना मिश्रा और नवीन शुक्ल नवीन ने ग़ज़लें पढ़ीं। इससे पहले युवा रचनाकार मंच के 46वें स्थापना दिवस पर मुकुट बिहारी सरोज सम्मान से रचनाकार राजेन्द्र वर्मा को मृदुल शर्मा, डण्डा लखनवी, सुनीलकुमार बाजपेयी, नवीन आवारा की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। इससे पहले सुबह डा.रश्मि श्रीवास्तव की ‘पोस्टबाक्स’ समेत आठ पुस्तकों के प्रो.सुरेन्द्र विक्रम की अध्यक्षता में विमोचन के बाद आर्थर्स अड्डा के संयोजन में जयप्रकाश अग्रवाल की अंग्रेजी किताब ‘इंटरनल टीचर’ का विमोचन हुआ।
दूसरे मंच पर पुस्तक विमोचन के अलावा साहित्य सभा के संयोजन में कवयित्री सम्मेलन चला।
नि: शुल्क प्रवेश वाला ये मेला रोज सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक जारी इस मेले में खरीदी गई हर पुस्तक पर कम से कम 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
फ़ोर्स वन द्वारा आयोजित पुस्तक मेले के सहयोगी संस्थान यूपी मेट्रो, रेडियोसिटी, ओरिजिंस, किरण फाउंडेशन, ज्वाइन हैंड्स फाउंडेशन, लोकआंगन, विश्वम् फाउंडेशन, विजय स्टूडियो, गोल्डेन ग्रास और कविता किस्से कहानियां हैं।
