WhatsApp Image 2026 06 07 at 01.35.53

लखनऊ में शिव संस्कृति कला फाउंडेशन द्वारा ग्रीष्मकालीन ज्वेलरी निर्माण कार्यशाला का सफल आयोजन

लखनऊ शिव संस्कृति कला फाउंडेशन, लखनऊ द्वारा संस्था की अध्यक्ष मिठू रॉय के नेतृत्व में ग्रीष्मकालीन ज्वेलरी मेकिंग वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हस्तनिर्मित आभूषण निर्माण की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को हस्त कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके भीतर छिपी रचनात्मक प्रतिभा को निखारना रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फैब्रिक ज्वेलरी, क्ले ज्वेलरी तथा विभिन्न प्रकार के आकर्षक हस्तनिर्मित आभूषण बनाने की जानकारी दी गई।
संस्था की अध्यक्ष मिठू रॉय ने बताया कि आज के समय में हुनर ही आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी शक्ति है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को न केवल नई कला सीखने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिव संस्कृति कला फाउंडेशन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को कौशलयुक्त बनाकर समाज में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण उनके लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। संस्था द्वारा भविष्य में भी ज्वेलरी मेकिंग, क्रोशिया, हस्तशिल्प, कैंडल मेकिंग, साबुन निर्माण एवं अन्य कौशल आधारित कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
“शिक्षा से सेवा, सेवा से संस्कार, संस्कार से समृद्ध समाज” के संकल्प के साथ शिव संस्कृति कला फाउंडेशन समाज में महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

WhatsApp Image 2026 06 07 at 01.35.51