लखनऊ– गोमतीनगर स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. लोहिया के विचारों, सिद्धांतों और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया का जीवन देश, समाज और आमजन के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक मूल्यों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर आवाज उठाई। उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया के विचार भारतीय लोकतंत्र और सामाजिक परिवर्तन की यात्रा में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त असमानताओं को दूर करने और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर बल दिया। उनकी पुण्यतिथि हमें उनके विचारों को याद करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, समान अवसर और जनसेवा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देती है।
