लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के नेपच्युन हॉल में “मोदी सरकार के 12 वर्ष : विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषय पर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय प्रदर्शनी (एग्जिबिशन) का शुभारंभ प्रदेश के वित्त मंत्री एवं प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा एवं रामचंद्र प्रधान, विधायक डॉ. नीरज बोरा, जया देवी तथा अमरेश रावत उपस्थित रहे।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि यह विकास प्रदर्शनी 17 जून से 20 जून तक आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों के कुल 53 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी और विकासोन्मुखी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
प्रदर्शनी में डीआरडीओ-ब्रह्मोस, लखनऊ मेट्रो, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, समाज कल्याण विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, यूपीडा, नगर निगम, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), मंडी परिषद, पर्यटन विभाग सहित अनेक विभागों ने अपने-अपने स्टॉल स्थापित किए हैं। विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों का प्रदर्शन किया गया तथा आमजन को इन योजनाओं से मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई ।

