लखनऊ-राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान रिटायर्ड सचिवालय कर्मचारी शिवाजी तिवारी, उनके बेटे सुयश तिवारी और भाई शंभू तिवारी के रूप में हुई है। सुयश इलेक्ट्रिक सामानों का कारोबार करते थे। मामूली विवाद में तीन लोगों की जान जाने की घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनवाने को लेकर विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर के पास बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनवाने को लेकर तिवारी परिवार और पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं।
शिवाजी तिवारी और उनके बेटे सुयश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शंभू तिवारी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई
बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर तीन लोगों की मौत तक कैसे पहुंच गया? क्या समय रहते विवाद को शांत कराया जा सकता था? ऐसे सवाल इस घटना के बाद उठ रहे हैं।
