लखनऊ– राजधानी लखनऊ के हुसड़िया चौराहे पर फ्लाईओवर शुरू होते ही सर्विस रोड से गुजर रही एक टोयोटा कार पर अचानक विशालकाय पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से कार की पूरी छत बुरी तरह चकनाचूर हो गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, कार सर्विस रोड से गुजर रही थी, तभी उसके ऊपर विशालकाय पेड़ गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोग घटना को देखकर सहम गए। पेड़ के नीचे कार के दबने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर ट्रैफिक पुलिस और वन विभाग की टीम मौजूद रही। पेड़ को काटकर हटाने और कार को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया, ताकि क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाया जा सके। राहत कार्य के दौरान पेड़ को हटाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
फिलहाल, इस हादसे में किसी की जान जाने या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, कार की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
