देश का युवा किसी दल का नहीं राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत’
लखनऊ,24 जुलाई 2026 | केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आज लखनऊ स्थित आवास पर NEET-2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों से आत्मीय भेंट कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी है। उक्त अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ नीरज सिंह, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी उपस्थित रहें।
चौधरी ने कहा कि, युवाओं के सपनों की सुरक्षा ही हमारा संकल्प है।उन्होंने कहा कि देश का युवा किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि इस देश का है और हमारे राष्ट्र का भविष्य है। उनकी प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। ऐसे मेधावी विद्यार्थी भविष्य में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि छात्रों को छात्र जीवन में अपना लक्ष्य बड़ा रखना चाहिए। किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए गुरु के मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र की सेवा का संकल्प लेने तथा अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
इस दौरान चौधरी ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के साथ उन सभी विषयों पर भी विस्तार से संवाद किया, जिन्हें लेकर विपक्ष लगातार भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सरकार पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने भी सरकार के प्रयासों पर विश्वास व्यक्त किया।
प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर बोलते हुए चौधरी ने कहा कि हर युवा का भविष्य हमारी सरकार के लिए सर्वोपरि है। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पेपर लीक men शामिल अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई है और उन्हें कठोर से कठोर सजा दिलाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के होनहार युवाओं की मेहनत और सपनों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अंत में चौधरी ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने ज्ञान, सेवा-भाव और समर्पण से देश और समाज का नाम रोशन करेंगे तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे





